पिपरिया सहलावन में लगा आधार अपडेशन शिविर
कटनी । वर्ष 2013 में शासन स्तर पर गांव-गांव निजी ऑपरेटरों के माध्यम से निशुल्क आधार कार्ड बनाए गए थे, लेकिन उस दौरान दर्ज की गई उम्र, जाति, लिंग एवं अन्य जानकारियों में हुई त्रुटियों का खामियाजा आज भी ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। विशेषकर अनपढ़ एवं जागरूकता की कमी वाले लोगों के आधार कार्ड में त्रुटियां बनी हुई हैं, जिनके सुधार के लिए उन्हें दूर-दराज के आधार केंद्रों के चक्कर लगाने पड़ते थे। इसी समस्या के समाधान के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर ही आधार सुधार एवं अपडेटेशन शिविर लगाए जा रहे हैं।
शनिवार को ग्राम पंचायत पिपरिया सहलावन में सरपंच मिरखूलाल आदिवासी की उपस्थिति में आधार कैंप का आयोजन किया गया। ग्राम कोटवार सुरेश बर्मन द्वारा मुनादी कर ग्रामीणों को शिविर की जानकारी दी गई। शिविर में आधार अपडेटेशन, मोबाइल नंबर लिंकिंग एवं पते में सुधार जैसे कार्य किए गए। हालांकि एक समान शुल्क लिए जाने को लेकर कुछ लोगों में असमंजस रहा। ऑपरेटर आनंद चक्रवर्ती ने बताया कि नवंबर माह से जीएसटी बढ़ने के कारण शुल्क में वृद्धि हुई है और शासन द्वारा निर्धारित शुल्क ही लिया जा रहा है। शनिवार को लगभग 30 ग्रामीणों के आधार कार्ड का कार्य किया गया। यदि और आवेदन प्राप्त होते हैं तो सोमवार को पुनः आधार शिविर आयोजित किया जाएगा।
संवाददाता -मुकेश ब्यौहार -पिपरिया सहलावन
संपर्क -: 9993457992
