जरवाही में मछुआ चौपाल आयोजित कर मछुआरों को दी गई विभागीय योजनाओं की जानकारी

ग्राम पंचायत जरवाही में मछुआ चौपाल आयोजित कर मछुआरों को दी गई विभागीय योजनाओं और मछुआ पालन की तकनीकी जानकारी



कटनी - मध्य प्रदेश शासन द्वारा घोषित 'कृषक कल्याण वर्ष 2026' के अंतर्गत कलेक्‍टर आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में मत्स्य विभाग द्वारा ग्रामीण अंचलों में निरंतर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में विकासखंड कटनी की ग्राम पंचायत जरवाही में 'मछुआ चौपाल' का आयोजन किया गया। इस चौपाल का मुख्य उद्देश्य मत्स्य पालकों को पारंपरिक तरीकों से ऊपर उठाकर आधुनिक तकनीक और शासन की लाभकारी योजनाओं से जोड़ना था, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो सके। 


कार्यक्रम की अध्यक्षता बर्मन मछुआ सहकारी समिति के उपाध्यक्ष मंजा बर्मन ने की चौपाल में विभागीय अधिकारियों ने मत्स्य पालन के विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।


सहायक संचालक मत्स्योद्योग आशीष कुमार नायक ने उपस्थित मछुआरों को उन्नत किस्म के मछली बीजों के चयन और आधुनिक तकनीकों के प्रयोग के बारे में बताया। उन्होंने जोर दिया कि सही तकनीक अपनाकर मत्स्य उत्पादन में रिकॉर्ड वृद्धि की जा सकती है। वहीं क्षेत्रीय मत्स्य निरीक्षक देवेन्द्र कुमार चक्रवर्ती ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी, ताकि पात्र हितग्राही इनका लाभ उठा सकें।


चौपाल में मत्स्य निरीक्षक प्रियंका पटेल ने तालाब प्रबंधन और मछली बीज संचयन से पहले की जाने वाली तैयारियों पर विशेष सत्र लिया। उन्होंने बताया कि बीज डालने से पहले तालाब का वैज्ञानिक प्रबंधन क्यों आवश्यक है। जबकि मत्स्य निरीक्षक रूचि प्रजापति ने मत्स्य पालकों को योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने और आधुनिक मत्स्य पालन के जरिए अपनी आय दोगुनी करने हेतु प्रेरित किया आयोजित इस चौपाल में बड़ी संख्या में मत्स्य पालक और समिति के सदस्य शामिल हुए।।


 संपादक -: अजय उपाध्याय दैनिक समाचार न्यूज 

                    संपर्क -: 9993457992

एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने