नेशनल लोक अदालत में आपसी समझौतो से हुआ प्रकरणों का निराकरण
कटनी - मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं जितेन्द्र कुमार शर्मा, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कटनी के मार्गदर्शन में जिला न्यायालय कटनी एवं तहसील न्यायालयों (विजयराघवगढ़, बरही, ढ़ीमरखेड़ा) एवं अन्य विभागों में शनिवार को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया।
नेशनल लोक अदालत कार्यक्रम का शुभारंभ जितेन्द्र कुमार शर्मा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के द्वारा सरस्वती माँ की प्रतिमा एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर एवं दीप प्रज्जवलित कर किया गया। इस अवसर पर न्यायाधीशगण, अध्यक्ष जिला अधिवक्ता संघ, अमित शुक्ला सहित अधिवक्तागण, जिला अभियोजन अधिकारीगण, लोक अभियोजकगण, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्तागण एवं अन्य विभागों के अधिकारीगण एवं न्यायालयीन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
मृणालिनी सिंह, व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ खण्ड/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कटनी ने बताया कि नेशनल लोक अदालत में राजस्व, नगर-निगम तथा अन्य संस्थाओं के प्री-लिटिगेशन एवं बिजली, आपराधिक, मोटर दुर्घटना दावा समेत पक्षकारों के आपसी राजीनामे से लंबित प्रकरणों का निराकरण किया गया। जिले में नेशनल लोक अदालत में आपसी समझौते से प्रकरणों के निराकरण हेतु जिला न्यायालय कटनी में कुल 24 खण्डपीठों का गठन किया गया था।
नेशनल लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन के 2914 प्रकरण एवं न्यायालय के 376 लंबित प्रकरणों को रैफर किया गया था, जिनमें से प्री-लिटिगेशन के 2817 प्रकरणों का निराकरण हुआ। इन प्रकरणों में 1 करोड़ 54 लाख 36 हजार 970 रूपये की राशि जमा की गई। इसी अनुक्रम में न्यायालय में लंबित प्रकरणों में से 346 प्रकरणों का निराकरण हुआ।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कटनी की ओर से मृणालिनी सिंह, व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ खण्ड/सचिव द्वारा नेशनल लोक अदालत को सफल बनाने में समस्त सम्माननीय न्यायाधीशगण, अन्य विभाग के अधिकारीगण, अधिवक्तागण, कर्मचारीगण, कटनी जिले के समस्त पक्षकारगण का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर राजीनामा करने वाले पक्षकारगण को प्रतीक स्वरूप फलदार एवं छायादार पौधे भी प्रदान किये गए।।
संपादक -: अजय उपाध्याय दैनिक समाचार न्यूज
संपर्क -:9993457992
