मित्तल फैंट्री गुलवारा में भारी भरकम जेसीबी का हापड गिरने से श्रमिक की इलाज के दौरान मौत
कटनी । माधवनगर थाने के झिंझरी पुलिस चौकी क्षेत्र में स्थित मित्तल एयर ब्रिग्स फैक्ट्री में एक दर्दनाक हादसा हो गया। फैक्ट्री में काम कर रहे एक मजदूर के सिर पर अचानक जेसीबी का हापड़ गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मृतक की पहचान सतीश काछी निवासी ग्राम चारगंवा के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक सतीश रोज की तरह फैक्ट्री में काम कर रहा था, तभी ऊपर से जेसीबी का हापड़ गिर गया और वह उसके नीचे दब गया। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उसकी हालत नाजुक हो गई। मृतक के पिता संतोष काछी ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मजदूरों को न तो हेलमेट दिया जाता है और न ही किसी तरह की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है। यदि सुरक्षा इंतजाम होते, तो शायद उनके बेटे की जान बचाई जा सकती थी। परिजनों ने जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के द्वारा शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और फैक्ट्री प्रबंधन की जांच में जुटी है।।
संपादक -: अजय उपाध्याय दैनिक समाचार न्यूज
संपर्क -: 9993457992
