जनसुनवाई में कलेक्टर तिवारी ने सुनीं 168 आवेदकों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्‍वरित निराकरण के निर्देश

जनसुनवाई में कलेक्टर तिवारी ने सुनीं 168 आवेदकों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्‍वरित निराकरण के निर्देश



कटनी  - जिले के आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर  आशीष तिवारी ने जिले के विभिन्न अंचलों से पहुंचे 168 आवेदकों की समस्याएं पूरी गंभीरता, धैर्य और संवेदनशीलता से सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

          इस दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

          जनसुनवाई में राजस्व विभाग के अंतर्गत भूमि विवाद, सीमांकन, नामांतरण, भूमि आवंटन, अतिक्रमण हटाने, नक्शा सुधार से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। वहीं शिक्षा विभाग के अंतर्गत मध्यान्ह भोजन बनाने के लिए नियुक्ति एवं रसोईया के रूप में रखे जाने संबंधी आवेदन प्राप्त हुए। इसी प्रकार आबकारी विभाग अंतर्गत शराब कलारी को बंद कराने, महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत लाड़ली बहना योजना की राशि दिलाने, खाद्य विभाग के अंतर्गत खाद्यान्न पर्ची एवं जॉब कार्ड बनवाने, लोक सेवा विभाग अंतर्गत समग्र परिवार आईडी में परिवार का नाम जुड़वाने, पीएम आवास योजना की नई सूची में नाम जुड़वाने व पीएम जीवन ज्योाति बीमा क्लेम की राशि दिलवाने सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुये।

          कलेक्टर तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का तथ्यों के आधार पर परीक्षण कर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाए तथा निराकरण की नियमित मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक अधिकारी अपने विभाग में लंबित प्रकरणों की सतत समीक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि पात्र हितग्राहियों को समय पर राहत और न्याय मिले।


संपादक -: अजय उपाध्याय दैनिक समाचार न्यूज 

                      संपर्क -: 9993457992

एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने